उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को देहरादून समेत सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं मौसम विभाग ने आठ अगस्त तक पूरे राज्य में मौसम के इसी तरह बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और गर्जन की संभावना है।
रविवार को कैसा रहा मौसम
रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुककर तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से उमस और गर्मी का असर बना रहा।
देहरादून में तापमान बढ़ा
देहरादून में रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
8 अगस्त तक बना रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में भी प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

