कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 23 जनशिकायतों की सुनवाई की. कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों पर संबंधित विभागों को तय समयसीमा में कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए.
थापली गांव की पेयजल समस्या पर तत्काल कार्रवाई
तहसील पौड़ी के ग्राम थापली में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ तुरंत गांव जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की गई.
सफाई और पेयजल व्यवस्था पर सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक शौचालयों में नियमित साफ-सफाई तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद स्वजल विभाग और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम निरीक्षण करेगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी.
बिजली और सोलर स्ट्रीट लाइट की शिकायतों पर भी निर्देश
कल्जीखाल के ग्राम पल्ली तल्ली में बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों की शिकायत पर उरेडा को संबंधित फर्म से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए. वहीं पोखरी के खड़खोला निवासी की नई आवासीय बिजली कनेक्शन की समस्या पर विद्युत विभाग को 15 दिनों के भीतर लाइन बिछाकर कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.
लंबित शिकायतों का भी हुआ निस्तारण
जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम थली निवासी शकुन्तला देवी की वृद्धावस्था पेंशन 1 अगस्त 2026 से स्वीकृत कर दी गई. द्वारीखाल के चमालीगांव में पैदल मार्ग निर्माण को वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया गया. वहीं ग्राम कण्डारा में स्टैंड पोस्ट की बाधित पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत कर बहाल कर दी गई.


