नगर पंचायत थलीसैंण में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के तहत बस स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा-कचरा हटाने के साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने खुद किया श्रमदान
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने और अपने आसपास के क्षेत्र में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
स्वच्छ और सुंदर थलीसैंण का संदेश
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
अभियान में उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप, खंड विकास अधिकारी टीकाराम, बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद रावत, नगर पंचायत सभासद दिलीप नेगी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


