बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र और छात्रा के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक छात्रा के साथ अभद्रता और गलत तरीके से छूते हुए नजर आ रहे हैं. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
रास्ते में रोककर की बदसलूकी
बताया जा रहा है कि घटना 19 सितंबर की है. नाबालिग छात्र और छात्रा स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में 6 से 7 युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी. इस दौरान छात्रा उनसे ऐसा नहीं करने की गुहार लगाती रही, लेकिन युवक नहीं रुके. आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया.
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान
पीड़ितों के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर ली है. मामले में अब तक 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि नाबालिगों की गरिमा के साथ किसी को खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. पुलिस पीड़ितों की सुरक्षा और उनकी पहचान की गोपनीयता को लेकर भी सतर्क है. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात भी कही गई है.
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने जमुई के जिलाधिकारी से मामले की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं असहनीय हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.
बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने भी घटना की निंदा की है. उन्होंने कहा कि बेटियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और पुलिस को ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.


