कानपुर में थाईलैंड की महिला से शादी और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस पूछताछ में मोहम्मद इरफान ने कई बातें कबूल की हैं. पुलिस के मुताबिक, इरफान ने थाई महिला अपसॉर्न से शादी की बात स्वीकार की है. उसने कहा कि उसके धर्म में दो शादी जायज हैं, इसलिए उसने थाईलैंड में अपसॉर्न से शादी की थी. उसका दावा है कि उसने सोचा था कि बाद में पहली शादी के बारे में महिला को बता देगा. उसे यह उम्मीद नहीं थी कि अपसॉर्न भारत आ जाएगी.
हालांकि, अपसॉर्न ने इरफान के इस तर्क पर सवाल उठाए. उसका कहना है कि वह बौद्ध धर्म को मानती है, जहां दो शादी की अनुमति नहीं है. पुलिस ने दोनों का आमना-सामना भी कराया था.
भारत आने पर खुला इरफान की पहली शादी का राज
थाईलैंड की रहने वाली अपसॉर्न पांच अक्टूबर की रात करीब 10 बजे अपने परिचित के साथ कानपुर के दलेल पुरवा अनवरगंज स्थित इरफान के घर पहुंची थी. वहां उसे इरफान की पहली शादी और उसके तीन बच्चों के बारे में पता चला.
महिला ने इसका विरोध किया और अपने रुपये वापस मांगे. आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उस पर मुस्लिम धर्म अपनाकर इरफान से निकाह करने का दबाव बनाया गया. महिला के मुताबिक, विरोध करने पर इरफान और उसके पिता चांद ने उसे गालियां दीं और घर से निकाल दिया.
रुपयों के लेनदेन की बात इरफान ने मानी
महिला की शिकायत पर अनवरगंज पुलिस ने इरफान, उसके पिता चांद और पार्टनर रेहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
एसीपी मंजय सिंह के मुताबिक, आमना-सामना होने पर इरफान ने अपसॉर्न से शादी करने की बात स्वीकार की. उसने रुपयों के लेनदेन की बात भी मानी है. पुलिस के अनुसार, इरफान ने दावा किया कि उसने पहले महिला को एक लाख थाई मुद्रा दी थी और बाद में व्यापार के सिलसिले में उससे 13 लाख रुपये लिए थे. हालांकि, उसने 57 लाख रुपये के लेनदेन से इनकार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
महिला का मेडिकल कराया गया है. उसके कलमबंद बयान के लिए उसे कोर्ट भेजा गया था, लेकिन बयान दर्ज नहीं हो सके. अब उसे दोबारा कोर्ट भेजने की तैयारी है.
इरफान पर जबरन हिजाब पहनाने का आरोप
अपसॉर्न ने आरोप लगाया कि इरफान के घर पहुंचने के बाद जब उसने उसकी पहली शादी के बारे में सवाल किया तो इरफान ने जबरन उसके चेहरे पर हिजाब डाल दिया. आरोप है कि उसने महिला से मुस्लिम धर्म अपनाने और उससे निकाह करने के लिए कहा.
महिला के मुताबिक, इरफान ने बाद में उसका फोन नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया. उसका आरोप है कि पहले भी इरफान उससे कहता था कि पैसे वापस लेने के लिए उसे भारत आकर धर्म परिवर्तन करना होगा.
थाई महिला को इंटरनेट कॉल पर धमकी देने का आरोप
मुकदमा दर्ज होने के बाद अपसॉर्न को इंटरनेट कॉल के जरिए धमकी दिए जाने का भी आरोप है. हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी शिकायत की जानकारी होने से इनकार किया है. थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है.
सात बार पटाया गया था इरफान
एसीपी मंजय सिंह के मुताबिक, अपसॉर्न पटाया बीच पर सी फूड रेस्टोरेंट चलाती है. इरफान भी वहां आता-जाता था. दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और इसके बाद दोनों पटाया में मिले.
पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल 2025 को अपसॉर्न के परिवार की मौजूदगी में बौद्ध रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई थी. शादी से पहले इरफान एक बार और शादी के बाद छह बार पटाया गया.
थाई महिला के पैसों से खरीदी महंगी बाइकें
पुलिस के मुताबिक, अपसॉर्न से मिले रुपयों से इरफान ने लखनऊ और दिल्ली से दो महंगी बाइकें खरीदी थीं. इनमें 21 लाख रुपये की निंजा-10 आर और 34 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू 1000 बाइक शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, दोनों बाइकें बाद में बेच दी गईं.
महिला ने आरोप लगाया कि इरफान ने अपने दोस्त रेहान को रुपये देने के लिए उसके सामने फोन पर झगड़ा करने का नाटक किया था. जब उसने झगड़े की वजह पूछी तो इरफान ने इसे व्यापार का लेनदेन बताया. इसके बाद महिला ने उसे रुपये दिए. महिला का आरोप है कि इसी तरह उससे धोखाधड़ी करके पैसे लिए गए.


