चार धाम यात्रा के बीच श्रीनगर का पर्यटन स्थल बना आकर्षण का केंद्र, नदी किनारे सतर्क रहने की अपील
श्रीनगर स्थित Goa Beach इन दिनों चार धाम यात्रा पर आए पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और नदी का मनमोहक दृश्य बड़ी संख्या में लोगों को अपनी ओर खींच रहा है. हालांकि यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील भी माना जा रहा है.
पुलिस लगातार कर रही जागरूक
स्थानीय पुलिस टीमों द्वारा लगातार पर्यटकों से नदी क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है. बावजूद इसके कई लोग लापरवाही बरतते हुए तेज बहाव और गहरे पानी वाले हिस्सों तक पहुंच रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है.
सेल्फी और रील के चक्कर में बढ़ रहा खतरा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई पर्यटक सेल्फी और सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं. नदी किनारे की एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार के लिए जिंदगीभर की परेशानी बन सकती है.
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाने, नदी के तेज बहाव और गहरे हिस्सों से दूर रहने तथा पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि इसे केवल पुलिस की रोक-टोक या कार्रवाई न समझा जाए, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी समझी जाए.


