बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की बड़ी जीत के बाद तारिक रहमान को जमात-ए-इस्लामी की अगुवाई वाले 11 दलों के गठबंधन ने तंज कसते हुए नया नाम “इंजीनियर” दे दिया है.
एनसीपी नेता नासिरुद्दीन पटवारी ने सबसे पहले फेसबुक पर उन्हें “इंजीनियर” कहा और आरोप लगाया कि चुनाव नतीजे “इंजीनियर” किए गए. बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी और एनसीपी नेताओं का दावा है कि 12 फरवरी को हुए चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली और नतीजों में हेरफेर हुआ.
एजुकेशन को लेकर कसा तंज़
सोशल मीडिया पर समर्थकों ने मीम और एआई तस्वीरें पोस्ट कर तारिक रहमान को हेलमेट पहने दिखाया. कुछ लोगों ने उनकी एजुकेशन को लेकर भी तंज कसा, क्योंकि उनके हलफनामे के अनुसार उनकी पढ़ाई हायर सेकेंडरी तक है.
सीटों में गड़बड़ी का किया दावा
धांधली के आरोपों के बीच जमात गठबंधन ने 32 सीटों पर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है. एनसीपी नेता आसिफ महमूद ने ढाका की कई सीटों पर नतीजों में गड़बड़ी का दावा किया. जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने भी मतगणना के दौरान अनियमितताओं का आरोप लगाया.
तारिक रहमान ने क्या कहा?
आरोपों पर जवाब देते हुए तारिक रहमान ने कहा कि उनकी एकमात्र “इंजीनियरिंग” जनता को अपने पक्ष में मतदान के लिए राजी करना था. वहीं पूर्व मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस की भूमिका को लेकर भी बहस छिड़ी है, जिन पर चुनाव प्रक्रिया को संचालित करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
फिलहाल “इंजीनियर” वाला तंज सोशल मीडिया और सियासत में लगातार तेज होता जा रहा है.


