बदरीनाथ धाम के चर्चित चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) अब 21 जून से पहले के डिलीट किए गए सीसीटीवी डेटा को रिकवर कराने की तैयारी में है। इसके लिए जब्त किए गए दोनों नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (NVR) को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इससे चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।
45 लोगों से पूछताछ, 12 गवाहों के बयान दर्ज
एसआईटी अब तक बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) से जुड़े करीब 45 कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें से 12 लोगों के बयान आधिकारिक तौर पर केस डायरी में दर्ज किए गए हैं। इन्हीं बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डिलीट डेटा रिकवर करने पर रहेगा फोकस
जांच टीम के पास फिलहाल दो NVR ड्राइव मौजूद हैं। पहली ड्राइव में 21 जून की शाम से 28 जून तक की रिकॉर्डिंग है, जबकि दूसरी ड्राइव में 28 जून से लेकर पुलिस द्वारा जब्त किए जाने तक का डेटा मौजूद है।
फॉरेंसिक जांच के दौरान एसआईटी यह पता लगाएगी कि 21 जून से पहले का डिलीट किया गया डेटा रिकवर किया जा सकता है या नहीं। साथ ही यह भी जांच होगी कि रिकॉर्डिंग के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या साक्ष्य मिटाने की कोशिश तो नहीं की गई।
BKTC बिल अनियमितता मामले में कर्मचारियों को नोटिस
इधर, केदारनाथ में अतिथियों के ठहरने और भोजन के बिलों में कथित अनियमितताओं के मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) आरोपी कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने का मौका देगी। समिति के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किए जा रहे हैं और शासन के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पर मंदिर समिति के संसाधनों के दुरुपयोग और चढ़ावा चोरी मामले में शीर्ष स्तर की भूमिका छिपाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
BKTC अध्यक्ष का पलटवार
वहीं BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गणेश गोदियाल ने अपने कार्यकाल में मंदिर समिति के धन का नियमों के विपरीत उपयोग किया था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


