उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रेलवे ट्रैक पर पति-पत्नी के विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शहर के काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों के बीच हुए झगड़े के कारण छपरा की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। घटना का 53 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
ट्रैक पर खड़े होकर करने लगे विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना मंगलवार की है। उस समय काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद था और प्लेटफॉर्म नंबर-3 से छपरा की ओर एक एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हो रही थी। इसी दौरान पति-पत्नी रेलवे ट्रैक के बीच किसी बात को लेकर बहस करने लगे।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि क्रॉसिंग पर मौजूद लोग दोनों को ट्रैक से हटने के लिए आवाज लगाते हैं। इसके बाद पति अपनी पत्नी को ट्रेन की ओर इशारा करता है, जिस पर वह ट्रैक से हट जाती है। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ती है। इसी बीच गेटमैन भी मौके पर दौड़ता हुआ पहुंचता दिखाई देता है।
कपल की पहचान नहीं हो सकी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी किस जिले या राज्य के रहने वाले हैं। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने क्या कहा?
मामले पर स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि आउटर क्षेत्र में ट्रेनें सामान्य रूप से धीमी गति से गुजरती हैं। चालक या गेटमैन की ओर से ट्रेन रुकने की कोई सूचना नहीं दी गई है।
हालांकि वायरल वीडियो को लेकर लोग रेलवे ट्रैक पर इस तरह की लापरवाही को बेहद खतरनाक बता रहे हैं।


