अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 से पहले श्रीनगर में नगर निगम की ओर से रामलीला मैदान में ‘अलकनंदिनी सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने जिलाधिकारी का स्वागत किया. उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. नगर आयुक्त ने भी सम्मान पत्र पढ़कर जिला प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया. साथ ही ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ जैसी पहल के लिए भी आभार व्यक्त किया गया.
30 महिलाओं को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, समाजसेवा और स्वरोजगार के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाली 30 महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा नगर निगम श्रीनगर में काम करने वाली पर्यावरण महिला मित्रों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया.
जिलाधिकारी ने क्या-क्या कहा?
इस मौके पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान को मजबूत करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल और व्यापार जैसे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. समाज और देश की तरक्की में महिलाओं की भागीदारी बहुत जरूरी है.
उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें. सरकार की कई योजनाएं महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए चलाई जा रही हैं.

महापौर ने भी महिलाओं को किया प्रेरित
महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि नगर निगम श्रीनगर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रहा है. महिलाओं को स्वरोजगार, स्वच्छता और सामाजिक कार्यों से जोड़ने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं. ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं.
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए. इसमें ‘चक्रव्यूह’ नाम का नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया.
इस मौके पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी और गायत्री बिष्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक व मंच संचालक शशि पंवार, पार्षदगण और स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं.


