भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंपा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इस्तीफे की वजह निजी कारण बताए हैं. हालांकि, इस पर अभी तक BJP की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
सोशल मीडिया बायो से हटाया BJP का नाम
इस्तीफे की खबर के बीच शहजाद पूनावाला ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल में भी बदलाव किया है. उन्होंने अपनी बायो से BJP का जिक्र हटा दिया है. हालांकि, उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “आजीवन समर्थक” बताया है.
पहले ही दे दिए थे राजनीति छोड़ने के संकेत
पिछले कुछ समय से शहजाद पूनावाला अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसे वीडियो साझा कर रहे थे, जिनमें वह सक्रिय राजनीति से अलग होने की बात करते नजर आए. एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर कोई सांसद नहीं बनता, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह समाज और देश के लिए योगदान नहीं दे सकता.
एक अन्य वीडियो में उन्होंने कहा था कि उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया था. हालांकि, कुछ महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों के कारण वह पार्टी के साथ बने रहे.
2017 में कांग्रेस छोड़कर BJP में हुए थे शामिल
शहजाद पूनावाला ने 2017 में कांग्रेस छोड़कर BJP का दामन थामा था. इसके बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया. वह टीवी डिबेट और सोशल मीडिया पर BJP का पक्ष रखने और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर तीखे हमलों के लिए जाने जाते रहे हैं.


