राजधानी दिल्ली और एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 और 15 अगस्त को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। पूरे सप्ताह आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
दो साल बाद अगस्त में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश
दिल्ली में हालिया बारिश ने अगस्त में दो साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। पिछले 24 घंटों में 98.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अगस्त 2024 के बाद एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। बारिश के कारण दिल्ली-NCR के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली।
बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं
IMD के अनुसार अगले सात दिनों में तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। अधिक तापमान और नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रहने का अनुमान है।
दिल्ली की हवा संतोषजनक
रविवार सुबह 10 बजे दिल्ली का AQI 89 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।


