मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारे जाने के बाद हंगामा हो गया। कार्यकर्ता 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गोवा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दिल्ली जा रहे थे।
15–16 कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारा
जानकारी के मुताबिक, इटारसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन पहुंचते ही पुलिस बल ने घेराबंदी कर करीब 15 से 16 कार्यकर्ताओं को नीचे उतार लिया। इनमें 11 युवक और 5 युवतियां शामिल थीं। पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस पर जबरन हिरासत में लेने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस रद्द
CJP के प्रदर्शन से पहले रेलवे प्रशासन ने 9 अक्टूबर 2026 को गाड़ी संख्या 12155 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस को रद्द करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
पटना से दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनें भी रद्द
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले CJP प्रदर्शन के मद्देनजर पटना से दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनों को भी रद्द किए जाने की सूचना दी गई है। इनमें मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे स्टेशन के नोटिस बोर्ड पर भी इस संबंध में सूचना लगाए जाने की बात कही गई है।
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास ट्रैफिक की आशंका
जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है। 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक की आशंका को इसकी वजह बताया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, पूछताछ सेवा या अन्य आधिकारिक माध्यमों से अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।


