रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा के लिए कांके रोड पर लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बैरिकेडिंग के कारण आम लोगों, स्कूली बच्चों और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को भारी परेशानी हो रही है.
छात्र प्रदर्शन के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का प्रदर्शन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। स्वतंत्रता दिवस और संभावित छात्र मार्च को देखते हुए रांची प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ाई है।
मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा के नाम पर व्यस्त कांके रोड को बाधित कर दिया गया है, जिससे राजधानी की सामान्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
‘सरकार छात्रों से क्यों डर रही है?’
मरांडी ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर सरकार इतनी चिंतित क्यों है। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है, ऐसे में अनावश्यक बल-प्रदर्शन की जरूरत नहीं है।
उन्होंने सरकार से तुरंत बैरिकेड हटाने, यातायात सामान्य करने और छात्रों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की मांग की।


