शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में लोकप्रिय हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 20 राउंड गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है। हमले में अंकित को कई गोलियां लगीं, जिसमें सिर में लगी गोली भी शामिल थी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जिम से निकलते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
35 वर्षीय अंकित बालियान शाम करीब 7 बजे जिम से वर्कआउट करके निकले थे। पुलिस के मुताबिक, वह जिम से करीब 20-25 मीटर दूर अपनी कार के पास पहुंचे ही थे कि 3-4 हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। आगामी पंचायत चुनाव से जुड़े किसी विवाद की संभावना की भी जांच की जा रही है।
जोगी गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी
अंकित बालियान की हत्या के बाद जोगी गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। गैंग से जुड़े बताए जा रहे भोलू शाहपुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर धमकी भरी पोस्ट भी शेयर की गई।
पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित गैंग के दुश्मनों के संपर्क में थे और उन्होंने गैंग से जुड़े एक मामले पर गाना बनाया था। पोस्ट में आगे और वारदातों की धमकी भी दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आए इन दावों की भी जांच कर रही है।
अपने ही गाने के बोल से जुड़ी खौफनाक समानता
अंकित बालियान का गाना ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी लोकप्रिय हुआ था। गाने के बोल में गोली और हिंसा का जिक्र था। अब उनकी हत्या भी गोलियों की बौछार के बीच होने के बाद यह गाना चर्चा में आ गया है।
अंकित अपने गानों में देसी अंदाज, ग्रामीण जीवन, स्थानीय राजनीति और दबंगई जैसे विषयों को प्रमुखता से दिखाते थे। उन्होंने कई चर्चित हरियाणवी कलाकारों के साथ भी काम किया था।
हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन और स्थानीय लोग
हत्या की खबर फैलते ही अंकित के परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होते, वे शव को नहीं हटाएंगे और अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।
कौन थे अंकित बालियान?
शामली के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित पिछले कुछ वर्षों से हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर गायकी और एक्टिंग के क्षेत्र में काम कर रहे थे। वह नियमित रूप से शामली के इसी जिम में जाते थे और करीब एक साल से यहां वर्कआउट कर रहे थे।
उनके चर्चित गानों में ‘112 NE’, ‘Goli Ke Barood’, ‘Jaat Jatni’, ‘Agla Janam Jaat’, ‘Savidhan’, ‘Modi Barga Rutba’, ‘System’ और ‘Riflein’ समेत कई गाने शामिल हैं। संगीत के अलावा वह पॉडकास्ट और ग्राउंड-लेवल व्लॉगिंग भी करते थे।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। गैंग द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे की भी जांच की जा रही है।


