बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में है। बाबा रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना रनौत ने उन पर पलटवार किया था। अब कंगना रनौत के बयान पर रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है।
रामदेव बोले- विवाद को बढ़ावा नहीं देना चाहता
रविवार को हरिद्वार में बाबा रामदेव ने कहा कि वह इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। उन्होंने कहा, “स्वामी रामदेव क्या है, ये देश जानता है। रामदेव का योगदान क्या है, ये भी देश जानता है। इसलिए मैं ओछे लोगों के बारे में टिप्पणी नहीं करना चाहता।”
कंगना रनौत ने Gen-Z को कहा था ‘जेनरेशन गटर’
दरअसल, विवाद की शुरुआत कंगना रनौत की एक इंस्टाग्राम स्टोरी से हुई थी। कंगना रनौत ने युवा हिंदू महिलाओं के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि कुछ महिलाएं स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी की कीमत नहीं चुकाना चाहतीं।
कंगना रनौत ने लिखा था कि वास्तव में स्वतंत्र महिलाएं विद्रोही फैसले लेती हैं, बेबाक राय रखती हैं, परंपराओं से अलग करियर चुनती हैं और अपने फैसलों की जिम्मेदारी खुद उठाती हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने नई पीढ़ी की कुछ भारतीय महिलाओं को ‘जेनरेशन गटर’ कहा था।
कंगना रनौत के बयान पर भड़के बाबा रामदेव
कंगना रनौत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबा रामदेव ने एक हिंदी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा था कि किसी भी देश के युवा या Gen-Z को ‘गटर-पटर’ कहना गलत है और यह बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है।
उन्होंने कंगना रनौत की योग्यता, बचपन, जवानी और पुराने कारनामों का भी जिक्र किया था। रामदेव ने कहा था कि पार्टी के लोगों को भी इस बयान का संज्ञान लेना चाहिए।
जब उनसे पूछा गया कि कंगना रनौत योग की प्रशंसक रही हैं, तो रामदेव ने कहा था कि सिर्फ उनकी या योग की प्रशंसा करने से वह उनके कथित गलत कामों पर पर्दा नहीं डाल सकते।
कंगना रनौत ने किया था पलटवार
बाबा रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पलटवार किया था। उन्होंने लिखा था, “बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में डे-ड्रीम मत कीजिए।”
कंगना रनौत ने आगे कहा था कि अफवाहों और गॉसिप के आधार पर किसी के चरित्र पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें चरित्र का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है।
अब रामदेव ने दिया कंगना रनौत को जवाब
अब कंगना रनौत के इसी पलटवार पर रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है। हरिद्वार में उन्होंने कहा कि देश जानता है कि स्वामी रामदेव कौन हैं और देश के लिए उनका क्या योगदान रहा है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि वह इस विवाद को और आगे नहीं बढ़ाना चाहते।


