हरिद्वार जिले के लक्सर में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर भैंसली वाला गांव के पास तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
जन्मदिन समारोह से लौट रहा था परिवार
बताया गया कि मुजफ्फरनगर जिले का परिवार लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था. समारोह खत्म होने के बाद देर रात परिवार के सात लोग स्कॉर्पियो से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे.
इसी दौरान भैंसली वाला गांव के पास सामने से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
पिता, बेटी और दो बहनों की मौत
हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी 35 वर्षीय बहन निशा, 37 वर्षीय बहन राखी और आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौत हुई है. वहीं आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हुई हैं.
घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
डंपर कब्जे में, चालक फरार
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है. हालांकि दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं.
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश के साथ घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.


