दिल्ली में कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के SIR को लेकर विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन जारी है. इस प्रदर्शन में कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन भी शामिल हुईं. इकरा हसन अपने हाथ में अनोखे नारों वाली तख्तियां लेकर पहुंचीं, जिसने प्रदर्शन के दौरान लोगों का ध्यान खींचा.
इकरा हसन की तख्ती पर लिखा था- ‘ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा’
प्रदर्शन के दौरान इकरा हसन के हाथ में मौजूद एक तख्ती पर लिखा था, ‘एक कचौरी, दो समोसा, ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा’. वहीं दूसरी तख्ती पर ‘बीजेपी ही CEC है’ लिखा हुआ था.
इन तख्तियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहे. इकरा हसन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर अपनी बात रखी.
‘भरोसा तो उठ ही गया है’
इकरा हसन ने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर लोगों का भरोसा पहले ही उठ चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 महीनों में कई मौकों पर जिस तरह से फैसले लिए जाने चाहिए थे, उस तरह से फैसले नहीं लिए गए.
सपा सांसद ने कहा कि विपक्ष पहले दिन से ही चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और घोटाले का आरोप लगा रहा है. उन्होंने SIR के मुद्दे पर हुए विपक्ष के पहले प्रदर्शन का भी जिक्र किया.
‘CEC बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे’
इकरा हसन ने आरोप लगाया कि एक रिपोर्ट के जरिए अब यह बात भी सामने आ रही है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में संविधान के साथ इस तरह छेड़छाड़ करना और लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित करना बेहद गंभीर मामला है. इकरा हसन ने इसे देशद्रोह तक करार दिया.
वोट के अधिकार को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
विपक्षी सांसद कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं. विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूचियों में बदलाव के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.
वहीं, चुनाव आयोग और सत्तापक्ष की ओर से विपक्ष के इन आरोपों पर अलग रुख सामने आता रहा है. प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.


