उत्तर प्रदेश के मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में कोर्ट ने फैसला सुना दिया है. अदालत ने माना कि अमित की हत्या उसकी पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर की थी. हत्या के बाद इसे सांप के डसने से हुई मौत बताने की साजिश रची गई थी. दोनों आरोपियों की सजा पर 16 अक्टूबर को फैसला सुनाया जाएगा.
मामला मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है. फैसले के दौरान अमित का परिवार भी अदालत पहुंचा. उसकी मां मुनेश ने आरोपी बहू रविता और उसके कथित प्रेमी अमरदीप को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की.
इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से 12 लोगों ने गवाही दी. अमित के भाई मोनू और मां मुनेश मुख्य गवाह रहे. उन्होंने अदालत में बताया कि हत्या वाली रात उन्होंने अमरदीप को घर में प्रवेश करते देखा था.
रविता ने पकड़ा हाथ, अमरदीप ने दबाया गला
पुलिस के आरोप पत्र के मुताबिक, रविता ने अमित का हाथ पकड़ा था, जबकि अमरदीप ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद हत्या को सांप के डसने से हुई मौत का रूप देने के लिए शव के पास चारपाई पर सांप छोड़ दिया गया था.
इस मामले में सपेरे की गवाही भी अहम रही. सपेरे कीर्तन ने अदालत में अमरदीप की पहचान की. उसने बताया कि अमरदीप ने माता के जागरण में पूजा के लिए सांप की जरूरत बताकर उससे एक हजार रुपये में सांप खरीदा था.
पिछले साल अप्रैल में हुई थी हत्या
अमित कश्यप की हत्या 12 अप्रैल 2025 को बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में हुई थी. परिजनों ने अमित के शरीर पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई थी. वहीं, पत्नी रविता ने दावा किया था कि अमित की मौत सांप के डसने से हुई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. इसके बाद रविता और उसके कथित प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. हालांकि, बाद में अमरदीप को जमानत मिल गई थी.


