कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक Satpal Maharaj की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार, Pauri Garhwal में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी Swati S. Bhadauria और मुख्य विकास अधिकारी Ashok Joshi द्वारा कैबिनेट मंत्री का स्वागत कर की गई.
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें और ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याएं शासन और प्रशासन तक पहुंचती हैं, इसलिए जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय पर पहुंचना बेहद जरूरी है.
सड़क निर्माण और डामरीकरण कार्यों की समीक्षा
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न मोटर मार्गों और निर्माणाधीन सड़कों की विस्तृत समीक्षा की गई.
सतपाल महाराज ने सड़क निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा का कार्य करती हैं. इसलिए दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
परिवहन विभाग को मोटर मार्गों का शीघ्र सर्वेक्षण कर स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए.
वन विभाग और लंबित परियोजनाओं पर समीक्षा
बैठक में जिलाधिकारी ने वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने और 30 मई तक निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया.
बैठक में वर्ष 2017 और उससे पहले स्वीकृत कार्यों से जुड़े 12 लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई और सभी आपत्तियों के समाधान के निर्देश दिए गए.
डामरीकरण और मेंटेनेंस कार्यों की स्थिति
बैठक में जानकारी दी गई कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 पूरे हो चुके हैं, जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं और 2 कार्य अभी शुरू नहीं हो सके हैं.
वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 पूरे किए जा चुके हैं. चार कार्य प्रगति पर हैं जबकि एक कार्य की अनुबंध प्रक्रिया जारी है.
इसके अलावा वन टाइम मेंटेनेंस के 19 कार्यों और आपदा एवं विशेष मरम्मत से जुड़े 29 कार्यों की भी समीक्षा की गई.
वर्षा ऋतु से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन मोटर मार्गों और अन्य विकास कार्यों को वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े
स्वास्थ्य और विद्युत विभाग को भी दिए निर्देश
बैठक में पेयजल, ग्रामीण निर्माण, जल संस्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, युवा कल्याण और समाज कल्याण विभागों की भी समीक्षा की गई.
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के मुकाबले 7 कर्मचारी कार्यरत पाए गए जबकि 3 पद खाली हैं. इस पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र में झूलती विद्युत लाइनें और क्षतिग्रस्त बिजली के पोल तुरंत ठीक किए जाएं ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.


