कर्नाटक के बागलकोट जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने और उसके आखिरी पलों का वीडियो बनाकर रिश्तेदारों व परिचितों को भेजने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया.
मारपीट के बाद दुपट्टे से फंदा लगाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रवीण जिगलुरु के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम भाग्यश्री जिगलुरु है. जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले पत्नी के साथ लकड़ी के डंडे से मारपीट की और फिर बेडरूम में उसके दुपट्टे से फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी.
आखिरी पल का वीडियो बनाकर किया शेयर
जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी के तड़पते हुए आखिरी पलों का वीडियो भी रिकॉर्ड किया. आरोप है कि उसने यह वीडियो अपने रिश्तेदारों और परिचितों को भेज दिया. इतना ही नहीं, उसने वीडियो कॉल के जरिए भाग्यश्री के माता-पिता को भी यह दृश्य दिखाया, जब वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी.
समझौते की कोशिश में लौटी थी ससुराल
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण भाग्यश्री कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी. परिजनों की समझाइश और रिश्ते सुधारने की कोशिश के बाद वह घटना वाले दिन ही अपने ससुराल लौटी थी. इसी दौरान यह वारदात हुई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने वीडियो रिकॉर्ड कर उसे किन-किन लोगों के साथ साझा किया और वारदात की पूरी परिस्थितियां क्या थीं.
बेंगलुरु में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
इसी बीच कर्नाटक के बेंगलुरु में भी हाल ही में एक 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था. शुरुआती जांच के अनुसार, महिला अपने पति के कथित अवैध संबंधों को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी. पुलिस का कहना है कि पति से वीडियो कॉल पर बातचीत के कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों मामलों में पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है.


