उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ चारधाम यात्रा को भी प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा रुद्रप्रयाग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार 30 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी
जिलाधिकारी ने बुधवार देर रात तक जिला आपदा परिचालन केंद्र से मौसम की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और केदारनाथ यात्रा मार्ग की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।
यमुनोत्री हाईवे पर फिर गिरा मलबा
लगातार बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़, बाडिया गांव के नीचे और हनुमान चट्टी के पास मलबा और पत्थर गिरने से यातायात एक बार फिर बाधित हो गया है। पिछले कई दिनों से हाईवे बंद रहने और यात्रा स्थगित होने के कारण पूरे मार्ग पर सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क खोलने का प्रयास कर रहे हैं।
चारधाम यात्रा पर असर
हाईवे बंद होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने और मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतने की सलाह दी है।


