मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिली। मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में और बारिश व तेज हवाओं की संभावना जताई है। सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे तक 32.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड में भारी बारिश, फ्लैश फ्लड का खतरा
उत्तराखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल समेत 9 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी भी दी है। खराब मौसम को देखते हुए देहरादून, पौड़ी और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं।
यूपी में जलभराव और नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में भी मानसून का असर तेज हो गया है। सहारनपुर में दो घंटे की मूसलाधार बारिश से कई कॉलोनियों और सरकारी परिसरों में पानी भर गया। नोएडा, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद और अन्य शहरों में लगातार बारिश हो रही है। IMD ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गंगा, यमुना, घाघरा और सरयू नदियां उफान पर हैं, जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
असम में बाढ़ ने मचाई तबाही
असम में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है, हालांकि अब भी 4.45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। छह जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 90 राहत शिविरों में करीब 28,700 लोग रह रहे हैं। राज्य सरकार राहत, बिजली बहाली, सैनिटाइजेशन और पुनर्वास कार्यों में जुटी हुई है।


