जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर पौड़ी जिले के कोटद्वार स्थित हल्दूखाता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया. एवीएन स्कूल में लगे इस शिविर में बोक्सा जनजाति के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ दिया गया. इस दौरान कुल 44 प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए.
39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाण पत्र जारी
शिविर में राजस्व विभाग की ओर से 39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाण पत्र बनाए गए. वहीं, कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज उपलब्ध कराए. डाक विभाग ने आधार कार्ड बनाने और आधार से जुड़ी अन्य सेवाएं प्रदान कीं. अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए जाने से लोगों को जरूरी सुविधाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े.
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमालयन जनजातीय समिति की अध्यक्ष प्रभा देवी ने की. शिविर का शुभारंभ उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, पार्षद जेपी बहुखंडी और पार्षद मनीष नैथानी ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया. प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए जनजातीय समाज के योगदान और उसके उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर बात की.
छात्राओं ने दी जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति
कार्यक्रम में बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किया. छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके योगदान के बारे में भी जानकारी दी. इस दौरान बोक्सा समुदाय की ओर से दीपा देवी, उषा देवी, महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में समुदाय के लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए किया संघर्ष
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के साथ जनजातीय समाज के स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित किया. उनका साहस और संघर्ष आज भी लोगों को प्रेरित करता है. जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने के साथ उनके सम्मान, अधिकारों और विकास के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है.
अधिकारी और स्थानीय नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम काजल सैनी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह पाल ने किया.


