पौड़ी में जिला प्रशासन और नगर पालिका के तत्वावधान में आयोजित शरदोत्सव के तहत वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता में दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. पहले मैच में वार्ड संख्या 03 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या 06 को 7-0 से करारी शिकस्त दी. वहीं, दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 09 ने पेनाल्टी शूटआउट में वार्ड संख्या 05 को 13-12 से हराकर अगले चरण में जगह बनाई.
वार्ड-03 ने सात गोल दागकर दर्ज की जीत
दिन के पहले मुकाबले का शुभारंभ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने किया. मैच की शुरुआत से ही वार्ड संख्या 03 की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और वार्ड संख्या 06 पर लगातार दबाव बनाए रखा. टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात गोल दागे, जबकि विरोधी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी.
पेनाल्टी शूटआउट में 13-12 से जीता वार्ड-09
दूसरा मुकाबला वार्ड संख्या 09 और वार्ड संख्या 05 के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्धारित समय तक स्कोर 3-3 से बराबर रहा. इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट के जरिए मैच का फैसला हुआ, जिसमें वार्ड संख्या 09 ने 13-12 से जीत हासिल की. इस मुकाबले का शुभारंभ पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने किया.
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान वार्डों की टीमों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह भी नजर आया. इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, सभासद और पालिका के कर्मचारी मैदान में मौजूद रहे. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.


