पौड़ी जिले के प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है. मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है. करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली इस पार्किंग के बनने से मंदिर क्षेत्र में जाम और बेतरतीब पार्किंग की समस्या कम करने में मदद मिलेगी.
0.14 हेक्टेयर जमीन चिह्नित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए श्रीनगर तहसील के ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है. यह जगह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के पास स्थित है. भूमि का चिह्नीकरण और जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी पूरा किया जा चुका है.
दो मंजिलों में करीब 100 वाहनों की पार्किंग
प्रस्तावित योजना के अनुसार करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी. इसमें लगभग 100 ईसीएस यानी इक्विवेलेंट कार स्पेस की क्षमता होगी. जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की जानकारी के अनुसार, सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के तहत चिह्नित भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है.
कार्यदायी संस्था और डिजाइन की प्रक्रिया आगे बढ़ी
परियोजना के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है. जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी ने कार्यदायी संस्था नामित करने के संबंध में सचिव, आवास, उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा है. संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा. इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन बनवाया जाएगा, ताकि निर्माण में मजबूती और सुरक्षा के मानकों का ध्यान रखा जा सके.
जमीन हस्तांतरण के बाद शुरू होगी अगली प्रक्रिया
चिह्नित भूमि के अभिलेख श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज हैं और फिलहाल इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर कर रही है. भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने से पहले संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना जरूरी है. एनओसी मिलने के बाद भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं आगे बढ़ाई जा रही हैं.
चारधाम यात्रा के दौरान भी मिलेगी राहत
मां धारी देवी मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है. चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित जगह पर वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी. साथ ही सड़क किनारे होने वाली अनियोजित पार्किंग से यातायात प्रभावित होने की समस्या भी कम हो सकती है. इस परियोजना से मंदिर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

