दशहरा और छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने सख्त इंतजाम किए हैं. 30 अक्टूबर तक प्रमुख स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर केवल टिकट धारकों को प्रवेश मिलेगा. ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलने पर भी पाबंदी रहेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त सुरक्षा बल और विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है.
30 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए टिकट जरूरी
दशहरा से छठ तक रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत 30 अक्टूबर तक प्रमुख स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर केवल टिकट धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा. त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है.
गोरखपुर, लखनऊ, छपरा और वाराणसी समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जा रही है. यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए जा रहे हैं, ताकि ट्रेन आने से पहले यात्रियों को बैठने और इंतजार करने की पर्याप्त जगह मिल सके.
गोरखपुर जंक्शन पर बनेंगे पांच होल्डिंग एरिया
रेलवे की योजना के मुताबिक, गोरखपुर जंक्शन पर करीब 2,500 वर्गमीटर क्षेत्र में पांच होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे. इनमें लगभग 2,000 यात्रियों के बैठने की अतिरिक्त व्यवस्था होगी.
इन होल्डिंग एरिया में रोशनी, उद्घोषणा प्रणाली, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, मोबाइल चार्जिंग और सीसीटीवी कैमरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. दूसरे प्रमुख स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या के अनुसार ऐसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
बिना अनुमति नहीं बदल सकेंगे ट्रेन का प्लेटफॉर्म
त्योहारों के दौरान ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलने को लेकर भी रेलवे ने सख्ती की है. सामान्य परिस्थितियों में किसी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नहीं बदला जाएगा. बेहद जरूरी स्थिति में ही पूर्व अनुमति लेकर बदलाव किया जा सकेगा.
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, आपात स्थिति में भी प्लेटफॉर्म बदलने का फैसला ट्रेन के आगमन या प्रस्थान से कम से कम दो घंटे पहले करना होगा. इसका उद्देश्य यात्रियों को अचानक होने वाले बदलाव से होने वाली परेशानी से बचाना है.
24 घंटे सक्रिय रहेंगे रेलवे के वार रूम
त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ पर नजर रखने के लिए रेलवे मुख्यालय और मंडलों में बनाए गए वार रूम में अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे. ये अधिकारी रोजाना यात्रियों की संख्या और भीड़ की स्थिति का आकलन करेंगे.
जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला भी लिया जा सकेगा. इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त पेयजल, खान-पान के स्टॉल और अतिरिक्त टिकट काउंटरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
रेलवे स्टेशन पर बढ़ेगी सुरक्षा, सीसीटीवी से निगरानी
दशहरा और छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे.
स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों, पैदल उपरिगामी पुलों और यात्री प्रतीक्षालयों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर के बीच साप्ताहिक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. ट्रेन का नंबर 09083/09084 है.
- बांद्रा टर्मिनस से प्रस्थान: 18 और 25 अक्टूबर.
- गोरखपुर से प्रस्थान: 20 और 27 अक्टूबर.
- बांद्रा टर्मिनस से रवाना होने का समय: सुबह 4:30 बजे.
- गोरखपुर पहुंचने का समय: शाम 7:30 बजे, सोमवार.
- गोरखपुर से प्रस्थान का समय: रात 10:45 बजे.
- बांद्रा टर्मिनस पहुंचने का समय: बुधवार सुबह 11:15 बजे.
रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में आठ स्लीपर और 11 जनरल कोच लगाए जाएंगे. इससे त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है.


