सालाना उर्स मेले के दौरान कलियर गंगनहर घाट पर जायरीनों की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट पर आपदा राहत दल की तैनाती की गई है। रविवार को टीम ने तत्परता दिखाते हुए नहर के तेज बहाव में बह रहे एक युवक को सकुशल बचा लिया।
नहर में स्नान करते समय तेज बहाव में बहा युवक
जानकारी के अनुसार, साहिल (24 वर्ष), पुत्र फुरकान, निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश कलियर गंगनहर घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा।
पास में मौजूद युवकों ने जब शोर मचाया तो घाट पर तैनात 40 पीएसी आपदा राहत दल के जवान तुरंत हरकत में आए। टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
लाउडस्पीकर से लगातार किया जा रहा सुरक्षा के प्रति जागरूक
उर्स मेले के दौरान पुलिस और आपदा राहत दल की ओर से श्रद्धालुओं को लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। श्रद्धालुओं से कहा जा रहा है कि वे रेलिंग पकड़कर ही स्नान करें, गहरे पानी में न जाएं और तेज बहाव में तैरकर नहर पार करने का प्रयास न करें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से नहर के किनारे सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
पुलिस की तत्परता की स्थानीय लोगों ने की सराहना
आपदा राहत दल की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई। पुलिस की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की स्थानीय जनता एवं युवक के परिजनों ने प्रशंसा की और पुलिस टीम का आभार जताया।
रेस्क्यू टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
SI इखलाक मलिक
HC विशाल सिंह
कांस्टेबल मनवर नेगी
कांस्टेबल हरीश सुंदरियाल
40 पीएसी आपदा राहत दल


