नैनीताल जिले में कैंची धाम और आसपास के पर्यटन स्थलों पर वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इस दौरान कैंची धाम और नैनीताल क्षेत्र में बाहरी टैक्सी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
पुलिस के मुताबिक, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. भारी वाहनों को जिले की सीमाओं पर ही रोका जाएगा. वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक तय यातायात व्यवस्था लागू रहेगी.
इन रास्तों से जाएंगे वाहन
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होकर गुजरेंगे. रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा.
हल्द्वानी और काठगोदाम से जाने वालों के लिए रूट
हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते जाएंगे. वहीं, काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहनों को सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करना होगा.
दो पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे वाहन
भीमताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे. वहीं, गेठिया और नैनीताल की ओर से कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क होंगे. इन दोनों स्थानों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के जरिए आगे भेजा जाएगा.
बाहरी दोपहिया वाहनों को काठगोदाम में रोका जाएगा
वीकेंड पर बाहरी दोपहिया वाहनों को काठगोदाम में ही रोकने की व्यवस्था की गई है. स्थानीय लोगों को इसमें रियायत दी जाएगी. एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के अनुसार, कैंची धाम, भवाली, भीमताल और नैनीताल में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है.
भवाली में लगा लंबा जाम
शुक्रवार को भवाली में पर्यटक वाहनों की बढ़ती आवाजाही के चलते लंबा जाम लग गया. सड़कों पर वाहनों की कतारें लगने से यातायात धीमा पड़ गया और स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई. वीकेंड पर भीड़ बढ़ने की आशंका के बीच पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयारियां की हैं.
छुट्टियों में बढ़ जाती है श्रद्धालुओं की संख्या
बाबा नीम करौली के कैंची धाम आश्रम में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. हालांकि, वीकेंड और छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने से आसपास के मार्गों पर दबाव बढ़ जाता है. ऐसे में कैंची धाम जाने वाले लोगों को यात्रा से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है.


