पौड़ी गढ़वाल के पाबौ क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर कई योजनाओं की शुरुआत की गई है. कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के अंतिम दिन सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा क्षेत्र में कुल 16 करोड़ 18 लाख 10 हजार रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर आवागमन व शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.
सात किलोमीटर लंबी सड़क का होगा निर्माण
कैबिनेट मंत्री ने नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया. करीब सात किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण पर 9 करोड़ 36 लाख 96 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
इसके अलावा सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया. इस सड़क के निर्माण पर 96 लाख 13 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सैंजी-चौलूसैंण, राजकीय इंटर कॉलेज और चपलौड़ी-फलदाड़ी सड़क से जुड़े इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क सुधारीकरण के कार्य भी शामिल हैं.
राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में बनेगा अतिरिक्त कक्ष
डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में 23 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
इस दौरान बुरांसी मुख्य मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर तक 8 लाख 21 हजार रुपये की लागत से तैयार इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण भी किया गया. विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने मंत्री का स्वागत किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं.
पौराणिक मंदिरों के विकास कार्यों की शुरुआत
क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए बुरांसी गांव स्थित पातुल्या पौराणिक मंदिर के स्थल विकास कार्य का शिलान्यास किया गया. वहीं, 3 लाख रुपये की लागत से प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास कार्य की शुरुआत भी की गई.
मंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण स्थानीय विरासत को सहेजने के लिए जरूरी है. इनके विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सकता है.
महिला मंगल दलों को वितरित की सामग्री
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी, बड़ैथ और पैलार के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सामग्री वितरित की. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महिला मंगल दलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और ऐसे समूहों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया.
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पाबौ लता रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, विमल सिंह नेगी, विनोद नेगी, नरेंद्र भंडारी, गुलाब सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.l


